रोजगार के लिए विदेश जाने वालों को टीकाकरण में मिलेगी प्राथमिकता
कोरोना संक्रमण की वजह से आ गए थे घर, टीका न लगने के कारण अब विदेश जाने में हो रही परेशानी
राकेश कुमार गौंड़
पडरौना। रोजगार के लिए सऊदी अरब, दुबई, दोहा कतर, कुवैत आदि देशों में जाने वाले युवाओं को कोरोनारोधी टीकाकरण में प्राथमिकता मिलेगी। इसे देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर क्लस्टर एप्रोच टीकाकरण किया जाएगा। जिससे विदेश जाने में युवाओं को दिक्कत न हो।
वर्ष 2020 के शुरुआती महीने में कोरोना महामारी शुरू होने के बाद से ही उनकी वतन वापसी शुरू हो गई थी। बहुत से लोग भारत सरकार के प्रयास पर महामारी के दौरान ही अपने घरों को लौट आए थे। महीनों तक संक्रमण बरकरार रहने की वजह से उनमें कुछ ऐसे हैं, जो कोविड महामारी के खतरे को देखते हुए वैकल्पिक रोजगार अपनाकर घर पर ही कार्य कर रहे हैं या देश के दूसरे राज्यों में चले गए हैं। अधिकतर लोग अभी भी महामारी का संकट कम होने के बाद अब पुन: अपने मनचाहे देशों में जाने का मन बना चुके हैं। इसकी उन्होंने तैयारी भी कर ली है। ये लोग बस टीकाकरण पूरा न हो पाने की वजह से फंसे हुए हैं।
ऐसे युवाओं के हितों का ध्यान रखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य महकमे ने क्लस्टर एप्रोच के तहत टीकाकरण की योजना बनाई है। शनिवार को प्राप्त हुए 29500 डोज वैक्सीन से ऐसे लोगों का टीकाकरण भी शुरू किया जाना है। ताकि समय आने पर इनके विदेश जाने में कोई अवरोध न आने पाए। संवाद
जनपद को प्राप्त हुई 29500 डोज वैक्सीन
पिछले कुछ दिनों से वैक्सीन की कमी के कारण लोग टीकाकरण केंद्रों से वापस जा रहे थे। इस समस्या को देखते हुए 29500 वैक्सीन शनिवार को भेजी गई हैं। इसमें 13200 डोज कोवैक्सीन और 16300 डोज कोविशील्ड वैक्सीन हैं।
विदेश जाने वाले बहुत से लोग ऐसे हैं, जो टीकाकरण पूरा न होने की वजह से नहीं जा पा रहे हैं। उनके हित को ध्यान में रखते हुए क्लस्टर एप्रोच के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में कैंप लगाकर प्राथमिकता के आधार पर उनका टीकाकरण करने का निर्णय लिया गया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर अभी टीके की उपलब्धता के अनुसार टीके की सिर्फ दूसरी डोज लगाई जाएगी। शनिवार को 29500 डोज वैक्सीन प्राप्त हुई है। इसके अलावा सोमवार तक गोरखपुर मंडल के सभी जनपदों को मिलाकर 1.29 लाख डोज आने की संभावना है। चूंकि टीके का आवंटन शासन स्तर से होता है। ऐेसे में जिस हिसाब से टीका उपलब्ध हो रहा है, उसी के अनुरूप टीकाकरण की प्लानिंग की जा रही है।
- डॉ. संजय कुमार गुप्ता, जिला प्रतिरक्षण अधिकारी
कोरोना महामारी से जनपद के हर नागरिक को सुरक्षित करना हमारी प्राथमिकता है। 18 साल से ऊपर के हर व्यक्ति का टीकाकरण होना है। इसका प्रबंध किया जा रहा है। इसके साथ ही ऐसे व्यक्तियों को भी वरीयता देने का निर्णय लिया गया है, जो विदेश जाना चाहते हैं, लेकिन उन्हें दोनों टीके नहीं लग पाए हैं। ऐसे लोगों के लिए बारी-बारी प्रत्येक गांव में क्लस्टर एप्रोच के तहत टीकाकरण कराया जाएगा।
- एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी