रामकोला। थाना क्षेत्र के टेकुआटार बरवा छापरा गांव निवासी 18 वर्षीय किशन राजभर की मौत सांप के काटने या अजगर के जकड़ने से नहीं, बल्कि पानी में डूबने से हुई थी। बृहस्पतिवार को गांव के बाहर मछली पकड़ने के दौरान सांप के लपेटने की बात सामने आने के बाद किशन की मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
टेकुआटार बरवा छापरा गांव निवासी 18 वर्षीय किशन बृहस्पतिवार को गांव के बाहर दो-तीन युवकों के साथ मछली पकड़ने गया था। इसी दौरान अचानक अजगर के दिखाई देने पर उसके लपेटने की बात युवकों ने बताई थी। हालांकि, साथ गए युवकों के अनुसार किशन पानी में गिर गया और डूब गया। युवकों ने किसी तरह उसे सांप से छुड़ाया और अचेत हालत में रामकोला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां हालत गंभीर देख डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार कर उन्हें कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
वहां पहुंचने पर डॉक्टर ने किशन को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशन की मौत का कारण पानी में डूबना बताया गया है। रिपोर्ट में सांप के डसने या अजगर के जकड़ने से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। इस संबंध में रामकोला थाने के एसओ चंद्रभान सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में किशन की मौत पानी में डूबने से होने की पुष्टि हुई है। अजगर या किसी सांप को लपेटे हुए किसी ने नहीं देखा, साथ के लड़कों ने यह बात घर वालों को बताई थी।