जौरा बाजार। ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में तीन दिवसीय इंटरनेशनल ताइक्वांडो फेडरेशन यूनियन की 39वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें फाजिलनगर के जोकवा खुर्द निवासी 15 वर्षीय कौस्तुभ पांडेय ने गोल्ड मेडल जीता है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में यह उनका चौथा गोल्ड मेडल है।
ताइक्वांडो एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में पहली बार कुशीनगर में राष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 से 29 दिसंबर तक आयोजित हुई। इसमें 17 प्रदेशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। 52 किलोग्राम अपने भार वर्ग में उत्तर प्रदेश की तरफ से खेलते हुए कौस्तुभ ने रविवार को उड़ीसा के खिलाड़ी को पराजित कर गोल्ड मेडल जीता। इसके पूर्व वह तीन बार राष्ट्रीय लेवल पर आयोजित प्रतियोगिता में तथा एक बार एशियाई चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुके हैं।
कौस्तुभ की इस जीत पर उनके कोच दीपक ने कहा कि कौस्तुभ से ओलंपिक मेडल जीतने की उम्मीद है। इनकी उपलब्धी पर सूर्यनाथ पांडेय, राकेश जायसवाल, राजन शुक्ला, पिता संजय पांडेय, सुनील आर्य, सुजीत यादव, टुनटुन पाठक, सुरेश तिवारी आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।