तमकुहीराज। फतेह मेमोरियल इंटर काॅलेज के मैदान पर शुक्रवार को 32वीं राजा इंद्रजीत प्रताप शाही ऑल इंडिया मैत्रीय फुटबाॅल प्रतियोगिता का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला कश्मीर और झारखंड के बीच हुआ। इसमें कश्मीर की टीम ने 4-0 से झारखंड को हराकर फाइनल में पहुंच गई। शनिवार को कश्मीर और बेल्थरा रोड के बीच फाइनल मुकाबला होगा।
प्रतियोगिता में शुक्रवार को यूनाइटेड क्लब श्रीनगर कश्मीर और एमएस क्लब झारखंड के बीच सेमीफाइनल मैच खेला गया। खेल के दूसरे मिनट में ही कश्मीर की टीम ने इब्राहिम के एक गोल दागने से 1-0 की बढ़त दर्ज कराई। मैच के 16वें मिनट में फिर इब्राहिम ने गेंद को गोल पोस्ट में डालकर स्कोर 2-0 कर दिया। 24वें मिनट में इब्राहिम ने हैट्रिक लगाते हुए स्कोर 3-0 कर दिया। दूसरे हाफ में कश्मीर के उमर ने एक गोल से स्कोर 4-0 हो गया। इस तरह कश्मीर की टीम ने झारखंड को हराकर फाइनल में पहुंच गई। इसके पूर्व विद्यावती देवी महाविद्यालय के प्रबंधक बबलू राय ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर मैच की शुरुआत कराई। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. अभय राय, रमेश चंद्र यादव, सुधीर कुमार सिंह, राजेश यादव, हरिश्चंद्र, सोनू राय, बृजकिशोर साहनी, ओपी सिंह, राधेश्याम त्यागी, भीम गुप्ता, सत्यप्रकाश गुप्ता, रमाकांत पटेल आदि मौजूद रहे।