संवाद न्जूज एजेंसी
पडरौना। कुशीनगर के जिला समाज कल्याण अधिकारी को सचिवालय लखनऊ से संबद्ध कर दिया गया है। उनके संबंध में यह आदेश सोमवार की शाम को जारी हुआ।
बताया जा रहा है कि जनपद में संचालित समाज कल्याण विभाग की योजनाओं का शासन की मंशा के अनुरूप बेहतर ढंग से क्रियान्वयन न हो पाने पर जिला समाज कल्याण अधिकारी विपिन पांडेय को लखनऊ स्थित सचिवालय से संबद्ध कर दिया गया है। हालांकि, जिला समाज कल्याण अधिकारी का कहना है कि उन्होंने अस्वस्थता जताते हुए अपना स्थानांतरण किए जाने की मांग की थी, जिसके क्रम में यह आदेश आया है।
सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने बताया कि जिला समाज कल्याण अधिकारी को सचिवालय से संबद्ध किए जाने की जानकारी हुई है, लेकिन अभी कोई पत्र नहीं मिला है।
भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष ने किया आंदोलन, सीएम से शिकायत
भाजयुमो के जिला उपाध्यक्ष प्रियेश गोंड ने बताया कि समाज कल्याण विभाग की तरफ से संचालित योजनाओं का क्रियान्वयन ठीक ढंग से न कराने की वजह से उन्हाेंने छह जून को विकास भवन में अनशन शुरू किया था। उसके बाद 21 जून को गोरखपुर में मुख्यमंत्री के जनता दर्शन कार्यक्रम में पहुंचकर इस बारे में अवगत कराए थे। फिर सोमवार को डीएम से भी मिलकर विभाग की तरफ से कोई संज्ञान न लिए जाने की शिकायत की थी। वह 21 दिनों से लगातार आंदोलनरत हैं।
प्रियेश का कहना है कि उनकी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए शासन स्तर से जिला समाज कल्याण अधिकारी को जिले से हटाकर सचिवालय से संबद्ध किया गया है। इस आदेश के बारे में सोमवार की शाम को समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण के पीआरओ आशुतोष तिवारी का उनके पास फोन भी आया था।