पडरौना। जिले की पुलिस ने लूट और चोरी की घटनाओं में लिप्त अपराधियों के गिरोह का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है, जिनके खिलाफ जनपद के सीमावर्ती थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं। पकड़े गए व्यक्तियों के पास जीप, पिकअप, बाइक, कट्टा, तलवार के अलावा राशन का सामान भी बरामद हुआ है।
नवागत एसपी अशोक कुमार पांडेय ने सोमवार को पुलिस कार्यालय में लूट और चोरी की घटनाओं का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इन घटनाओं में शामिल अपराधियों की तलाश में पुलिस कई दिनों से दबिश दे रही थी। एसपी ने बताया कि इन्हें सोमवार की सुबह हनुमानगंज थाना क्षेत्र के तिनबरदहां तिराहा से गिरफ्तार किया गया। इन व्यक्तियों ने पूछताछ में लूट और चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात कही। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों में जवाहिर यादव और परमा यादव निवासी विशुनपुरा थाना जटहां बाजार, सरवन वर्मा निवासी एकवनही थाना जटहां बाजार, अख्तर निवासी सेमरा हर्दो माफी टोला थाना कुबेरस्थान और नूरसेद आलम निवासी लक्ष्मीपुर कछनार टोला थाना कुबेरस्थान शामिल हैं। एसपी ने बताया कि इन व्यक्तियों के खिलाफ हनुमानगंज, खड्डा, नेबुआ नौरंगिया, सेवरही और पटहेरवा थाने में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के मुताबिक इनके पास 30 बोरा चावल, पांच बोरा चीनी, केरोसीन, एक लग्जरी जीप, एक पिकअप, एक बाइक, दो कट्टा व चार कारतूस, एक तलवार छह मोबाइल और 950 रुपये नकद मिला है। इन्हें गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में हनुमानगंज थाने के एसओ अरुण कुमार, नेबुआ नौरंगिया के एसओ श्रीप्रकाश यादव, स्वॉट टीम प्रभारी निर्भय कुमार सिंह, एसआई जगमोहन राय, एचसीपी जितेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मुबारक अली, सर्विलांस प्रभारी सुशील कुमार सिंह, कांस्टेबल चंद्रभान वर्मा, रणविजय सिंह, मनोज यादव, रणजीत यादव, अशोक सिंह, शशिकेश गोस्वामी, शिवानंद सिंह, उधम सिंह, शिवशंकर यादव, राधेश्याम यादव और विकास शर्मा शामिल थे।