रामकोला। बृहस्पतिवार को रामकोला थाना परिसर में कस्बे के व्यापारियों के साथ प्रशासन की बैठक हुई। इसमें सड़क से अतिक्रमण हटाने के मामलों पर चर्चा की गई। दुकानदारों को स्वत: अतिक्रमण हटा लेने को कहा गया। एसडीएम ने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने कार्रवाई की तो फिर जेसीबी से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। इसका खर्च भी अतिक्रमण करने वालों से ही वसूला जाएगा।
एसडीएम अरुण कुमार ने कहा कि पडरौना-कप्तानगंज और कसया-रामकोला मार्ग पर दोनों तरफ अतिक्रमण के चलते सड़क संकरी हो गई है। इसकी वजह से आए दिन जाम लग रहा है, साथ ही दुर्घटनाएं भी होती हैं। आम लोगों की दिक्कत को देखते हुए सड़क से अतिक्रमण हटना बेहद जरूरी है। एसडीएम ने व्यापारियों व ठेला खोमचा लगाने वालों को शुक्रवार तक की मोहलत देते हुए कहा कि वे स्वयं अपना अतिक्रमण हटा लें। शनिवार से प्रशासन जेसीबी चलाकर अतिक्रमण हटवाएगा। प्रभारी एसओ बब्बन सिंह ने कहा कि अतिक्रमण करने वालों पर मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।इस मौके पर बृजेश श्रीवास्तव, कानूनगो शिवमुरारी लाल श्रीवास्तव, कमल कोहली, कृष्णा प्रसाद, बच्चन वर्मा, विनोद चौरसिया, प्रमोद केडिया सहित तमाम व्यापारी मौजूद थे।