कसया। कमिश्नर अनिल कुमार ने बुधवार को दोपहर बाद पडरौना ब्लॉक के सखवनिया बुजुर्ग गांव की शिवराजपुर मुसहर बस्ती में तकरीबन एक घंटे तक चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी। कमिश्नर ने गांव में विभिन्न विभागों की ओर से कराए गए कार्यों का भ्रमण कर जायजा लिया। चौपाल में सबसे पहले बिजली सप्लाई के घंटों को लेकर कमिश्नर ने लोगों से पूछा। जवाब में लोगों ने 4 से 5 घंटे ही आपूर्ति मिलने की बात कही।
अधिशासी अभियंता बीएल आनंद ने नए शेडयूल के मुताबिक 18 घंटे बिजली देने की बात कही। कमिश्नर ने मुसहर बस्ती के लोगों को बिजली का कनेक्शन मुफ्त में देने के लिए कैंप लगाने का निर्देश दिया। इसके बाद शौचालय, इंदिरा आवास, प्रधानमंत्री आवासीय योजना, सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत राशन कार्ड, स्वच्छ पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को त्वरित गति से निस्तारित करने का निर्देश दिया। चौपाल के दौरान आईटीआई के प्रधानाचार्य की ओर से विश्वकर्मा पूजा के नाम पर एक हजार रुपये लेने का मामला आने पर जमकर लताड़ लगाई। इस मामले में कमिश्नर ने एडीएम कृष्ण लाल तिवारी को जांच का निर्देश दिया। इस मौके पर डीएम शम्भु कुमार, सीडीओ केदारनाथ सिंह, एएसपी लाल साहब यादव, डीसी मनरेगा महेंद्र प्रसाद चौबे, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी सुल्तान अहमद, एसडीएम श्रीप्रकाश शुक्ल, सीओ राघेवंद्र चतुर्वेदी, नायब तहसीलदार राधेश्याम उपाध्याय, बीडीओ रघुनाथ सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी रामपाल यादव, प्रभारी सीएमओ डॉ.सुर्दशन सोनकर सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।