मंसाछापर। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के पटेरा सरेह में बृहस्पतिवार को अवैध खनन की सूचना पर खनन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक जेसीबी मशीन को मौके पर पकड़ लिया। खनन अधिकारी के पहुंचते ही जेसीबी चालक ने मशीन का वायर नोच दिया और मौके से फरार हो गया। तीन घंटे मेहनत के बाद भी जेसीबी को खनन अधिकारी थाने नहीं ले जा सके। खनन अधिकारी द्वारा जब्त की गई मशीन को कब्जे में लेने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। मशीन के तार काट देने के कारण उसे मौके से हटाना मुश्किल हो गया, इससे अधिकारी करीब तीन घंटे तक परेशान रहे।
मौके पर पुलिस को सूचना दी गई है और फरार जेसीबी चालक की तलाश की जा रही है। इस संबंध में खनन अधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि मौके से चालक जेसीबी का वायर खींचकर भाग गया, जिसके कारण जेसीबी को थाने नहीं ले जाया जा सका। जेसीबी के मालिक के विरुद्ध नोटिस और कार्रवाई की जाएगी।