कप्तानगंज। पीजी सीनियर सेकेंड्री स्कूल कप्तानगंज में बुधवार को तीन दिवसीय 45वीं उत्तर प्रदेश राज्य सीनियर महिला खो-खो चैंपियनशिप का उद्घाटन हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच देवरिया और जौनपुर के बीच खेला गया, जिसमेें जीत दर्ज कर जौनपुर ने अगले राउंड में प्रवेश किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रदेेश के कृषि एवं चिकित्सा शिक्षा राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह ने किया। दीप प्रज्ज्वलन तथा रंग-बिरंगे गुब्बारे छोड़ने के बाद मुख्य अतिथि ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उद्घाटन मैच में जौनपुर और देवरिया की टीम के बीच जोरदार मुकाबला हुआ।
देवरिया की खुशबू, पूजा, आंचल और नित्या शुक्ला ने खेल को रफ्तार दिया तो जवाब में जौनपुर की खिलाड़ी बबिता, शोभा, सविता, पूजा और खुशबू ने अंक जुटाए। निर्धारित समय में जौनपुर ने देवरिया को चार के मुकाबले 12 अंक से पराजित कर अगले राउंड में प्रवेश किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह ने कहा खेल का मैदान सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। यहां बिना किसी भेदभाव के केवल योग्यता और प्रदर्शन ही जीत का आधार बनता है। पीजी स्कूल के प्रबंधक एसपी सिंह ने सभी का स्वागत किया। प्रधानाचार्य संगीता सिंह ने आभार ज्ञापित किया। इस मौके पर बीएन मिश्र, घनश्याम सिंह, दिग्विजय सिंह, डॉ. उपेंद्र सिंह, विनोद कुमार सिंह, कनक चक्रधर, संतोष सिंह, सुनील पांडेय, महेंद्र चौधरी आदि मौजूद थे।