कप्तानगंज। स्थानीय तहसील सभागार में शनिवार को डीएम महेंद्र सिंह तंवर और एएसपी सिद्धार्थ वर्मा की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। समाधान दिवस में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 83 शिकायतें आई,इसमे 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। मवन नाले के बांध टूटने से फसल डूबने से खराब हो गई है। इससे फसल नुकसान हुआ है। नुकसान हुए फसल का मुआवजा दिलाने की मांग किया।
डीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों को कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े। शिकायतों का समाधान मौके पर पहुंचकर और निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जाए। एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने कहा कि राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम विवादित मामलों का समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करे। समाधान दिवस में बेलवा उर्फ बैरिया निवासी सुरेंद्र मणि पांडेय ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर मेहड़ा गांव के पास मवन नाले पर नए पुल का निर्माण कराया जा रहा है। निर्माण कार्य के दौरान बांध टूट जाने से करीब 20 एकड़ से अधिक फसल जलमग्न होकर बर्बाद हो गई। साथ ही सर्विस रोड भी क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे आवागमन प्रभावित है। उन्होंने प्रभावित किसानों को लोक निर्माण विभाग से मुआवजा दिलाने और क्षतिग्रस्त मार्ग को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की। कप्तानगंज कस्बा निवासी रामनरेश अग्रहरी ने पिपराइच रोड स्थित पोखरे की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप लगाते हुए बताया कि चार बार शिकायत करने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया है। वहीं जमली निवासी विंद्रेश सिंह ने आरोप लगाया कि एक व्यक्ति ने जाति छिपाकर अनुसूचित जाति की जमीन अपने नाम दर्ज करा ली है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। बभनौली निवासी रामनारायण यादव ने गांव में ट्रांसफार्मर पर अधिक लोड होने के कारण बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कई बार विभाग को अवगत कराने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ है। इस दौरान एसडीएम मोहम्मद जफर, सीएमओ डॉ. चंद्रप्रकाश, डीएसओ कृष्ण गोपाल पांडेय, सीओ कुंदन सिंह, डीसी मनरेगा राकेश कुमार, बीएसए अनिल कुमार सिंह, तहसीलदार चंदन शर्मा, नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।