सपहा। नगरपालिका परिषद कुशीनगर के वार्ड नंबर आठ, पंडित राजमंगल पांडेय नगर के सपहा चौराहा पर खाद्य विभाग ने चार किराना स्टोर और तीन मिठाई की दुकानों पर बुधवार को छापा मारा। जांच के लिए 34 सैंपल लिया, इसमें एक नमूना अशुद्ध मिला। खाद्य विभाग की कार्रवाई से नगर चौराहे के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। काली मिर्च में पपीता का बीज मिला। दुकानदार को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
खाद्य विभाग की टीम सचल खाद्य प्रयोगशाला वाहन के साथ सपहा चौराहा पर पहुंची। इस दौरान टीम ने चौराहा पर जायसवाल किराना स्टोर, छोटेलाल जायसवाल किराना स्टोर, अम्बिका गुप्ता किराना स्टोर, जय श्री किराना स्टोर समेत दुकानों से हल्दी पाउडर, अरहर दाल, बेसन, साबूत जीरा, चायपत्ती, सरसों का तेल,काली मिर्च के नमूने लिए और भरत मद्धेशिया मिष्ठान, नारायण मद्धेशिया मिष्ठान, बंधन स्वीट हाउस की दुकानों से लड्डू, पनीर, खोवा, दूध, बर्फी, छेना विभिन्न मिठाईयों के नमूने लिए।
टीम ने 34 नमूनों का प्राथमिक जांच की जिसमें एक किराना स्टोर की काली मिर्च अशुद्ध मिली तो टीम ने दुकानदार को चेतावनी दी बाकी 33 नमूने शुद्ध मिले। खाद्य टीम ने दुकानदारों और लोगों को खाद्य सुरक्षा से जुड़ी जानकारी देकर जागरूक भी किया। खाद्य सुरक्षा सहायक आयुक्त द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने बताया कि सपहा चौराहे पर करीब आधा दर्जन किराना, मिष्ठान की दुकानों से खाद्य सामग्री के नमूने की जांच हुई।
शासन की मंशा है कि मिठाई व खाने की अन्य वस्तुओं में मिलावट न हो पाए लोगों के जीवन से दुकानदार खिलवाड़ न कर सकें। जनता के सेहत की सुरक्षा शासन की प्राथमिकता है। इसी के तहत जांच की जा रही है। अगर जांच में खाद्य पदार्थों में मिलावट मिलती है तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।