रामकोला। धरमौली गांव में रविवार को नशे में धुत युवक ने अपने पेट में चाकू घोंप लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे सीएचसी ले गए। पेट में चाकू फंस जाने से डाॅक्टर ने प्राथमिक इलाज के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
यहां का 30 वर्षीय बेचू रविवार को सुबह करीब नौ बजे नशे में घर के बाहर हंगामा कर रहा था। इसी दौरान उसने सब्जी काटने वाला चाकू पेट में घोंप लिया। बेचू की पत्नी आशा ने बताया कि वह घर में भोजन बना रही थी। बाहर शोर सुनकर पहुंची तो देखा कि बेचू के पेट में चाकू धंसा था।
परिजनों ने बिना देर किए उसे उसी हालत में सीएचसी रामकोला पहुंचाया। चिकित्सा प्रभारी डॉ. एपी गुप्ता ने बताया कि युवक का प्राथमिक उपचार किया गया। चाकू पेट में फंसा होने और उसकी स्थिति गंभीर होने के कारण उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष चंद्रभान सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है।