लखनऊ में राष्ट्रीय खेल रत्न से पुरस्कृत होते कुशीनगर के दिव्यांग क्रिकेटर लव वर्मा।स्रोत-सोशल म
गुरवलिया बाजार (कुशीनगर)। क्षेत्र के बिहार बुजुर्ग गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग क्रिकेटर लव वर्मा को लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित समारोह में “स्वर्ण भारत राष्ट्रीय खेल रत्न” से सम्मानित किया गया। यह सम्मान स्वर्ण भारत परिवार ट्रस्ट एवं स्वर्ण भारत दिव्यांग बोर्ड की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में देशभर के पैरालंपिक एवं दिव्यांग खिलाड़ियों को दिया गया।
स्वर्ण भारत परिवार ट्रस्ट के चेयरमैन पीयूष पंडित ने बताया कि लव वर्मा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, संघर्ष और खेल के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त आईएएस मोहम्मद अनीस अंसारी, एमएलसी अवनीश पटेल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। लव वर्मा ने वर्ष 2014 में श्रीलंका के खिलाफ भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम से अंतरराष्ट्रीय पदार्पण किया था। वर्ष 2015 में एशिया कप में भारतीय टीम के उपकप्तान रहे, जबकि 2019 में उन्हें टीम की कप्तानी भी सौंपी गई थी। लव अब तक 11 अंतरराष्ट्रीय और 17 राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर चुके हैं। उन्हें उत्तर प्रदेश का सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग खिलाड़ी पुरस्कार सहित कई सम्मान मिल चुके हैं। वर्ष 2018 में कोलकाता में आयोजित ट्राई सीरीज में उन्होंने बेस्ट फील्डर का खिताब भी जीता था। आर्थिक तंगी के बावजूद लव युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट कोचिंग देने के साथ विभिन्न टूर्नामेंटों का आयोजन भी कराते हैं। उन्होंने यह पुरस्कार अपने दिवंगत पिता स्वर्गीय बाबूलाल वर्मा को समर्पित किया।