कसया। नगर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए गोला बाजार और पुरानी फाजिलनगर रोड के पाथवे की इंटरलॉकिंग कराई जा रही है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाजार आने वाले राहगीरों को काफी सहूलियत मिलेगी। इस कार्य पर करीब 56 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
नगर के देवरिया मार्ग स्थित गोला बाजार नगर का प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्र है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी और अन्य कार्यों के लिए पहुंचते हैं। पुरानी फाजिलनगर रोड भी नगर के प्रमुख संपर्क मार्गों में शामिल है। लंबे समय से पाथवे जर्जर होने के कारण लोगों को पैदल चलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बारिश के दिनों में स्थिति और खराब हो जाती थी।
नगरपालिका परिषद की ओर से पाथवे पर इंटरलॉकिंग बिछाने का कार्य शुरू कराया गया है। निर्माण पूरा होने के बाद पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित और सुगम मार्ग उपलब्ध होगा। इससे बाजार क्षेत्र की सुंदरता भी बढ़ेगी और लोगों को धूल, कीचड़ तथा ऊबड़-खाबड़ रास्तों से राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाथवे बनने से बुजुर्गों, महिलाओं और स्कूली बच्चों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा। साथ ही बाजार क्षेत्र में पैदल आवागमन व्यवस्थित होने से यातायात व्यवस्था भी बेहतर होगी।
ईओ अंकिता शुक्ला ने बताया कि नगर के लोगों के डिमांड पर निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है।