मड़ार बिंदवालिया में बनी थी करीब सौ मीटर इंटरलॉकिंग सड़क
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पकड़िया बाजार क्षेत्र के मड़ार बिंदवलिया में करीब एक वर्ष पूर्व चार लाख की लागत से इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण हुआ था। मानकविहीन निर्माण कार्य होने की वजह से यह सड़क एक वर्ष के भीतर क्षतिग्रस्त हो गया है। इस पर बिछाई गई ईंट उखड़ गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, बरईपट्टी टोले में ग्राम पंचायत की तरफ से मनरेगा योजना के तहत करीब चार लाख रुपये की लागत से एक वर्ष पूर्व इंटरलाकिंग सड़क का निर्माण कराया गया था। कार्य के दौरान शासन की तरफ से निर्धारित गुणवत्ता का ख्याल नहीं रखा गया था। निर्माण के दौरान गांव के लोगों ने आपत्ति भी जताई थी, लेकिन जिम्मेदारों की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके चलते महज एक वर्ष के भीतर ही यह सड़क क्षतिग्रस्त हो गई।
सड़क के दोनों तरफ बने बेड ब्लाॅक टूटकर गिर गए हैं। सड़क पर लगी इंटरलाकिंग ईंट जगह-जगह उखड़ गई है। गांव के लोगों ने इसकी मरम्मत कराने और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की हैं। इस संबंध में बीडीओ उषा पाल ने बताया कि जानकारी हुई है। जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।