कसया। हाईवे किनारे संचालित होटलों और गेस्ट हाउसों में शनिवार को पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया। पुलिस ने उनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की है।
महिला उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी और हाईवे चौकी प्रभारी राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कुशीनगर क्षेत्र के चार होटलों की जांच की। यहां दो होटलों से एक-एक संदिग्ध व्यक्ति मिले। इसके बाद टीम कसया पहुंची, जहां हाईवे स्थित एक गेस्ट हाउस से दो संदिग्धों को पकड़ा गया। पुलिस के अनुसार, पकड़े गए लोग होटल में ठहरने का स्पष्ट कारण नहीं बता सके। टीम ने होटलों के रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों और पहचान पत्रों की जांच की। जांच के दौरान किसी भी होटल से कोई आपत्तिजनक सामग्री नहीं मिली।
महिला उपनिरीक्षक प्रियंका तिवारी ने होटल संचालकों को निर्देश दिए कि बिना पहचान पत्र और पूरी जानकारी दर्ज किए किसी को कमरा न दें। रजिस्टर में ठहरने का कारण, समय, मोबाइल नंबर और वाहन का विवरण जरूर दर्ज करें। उन्होंने कहा कि नाबालिगों या यूनिफॉर्म में आने वाले कपल को कमरा देना कानूनन अपराध है। थाना प्रभारी इत्यानंद पांडेय ने बताया कि यह रूटीन जांच अभियान था। चार संदिग्ध मिले हैं, जिनके खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। होटल, लॉज और मैरिज हाल संचालकों को नियमों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस का जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।