पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में विकास एवं राजस्व विभाग के कार्यों की समीक्षा हुई। डीएम ने पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने हर ब्लॉक में कम से कम एक हेक्टेयर भूमि पर 20 इकाई वाली जीरो पावर्टी-मुसहर कॉलोनी की कार्य योजना बनाने को कहा।
कॉलोनी में आवास, सड़क, बैकयार्ड, खेल मैदान, आदि के लिए भूमि चिह्नित कर लेआउट तैयार करें ताकि 15 अगस्त को भूमि पूजन कराया जा सके।
डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि फैमिली आईडी बनाने का कार्य विशेष अभियान चलाकर 30 जुलाई तक पूरा करा लें। जिन लाभार्थियों के फैमिली आईडी कार्ड बन चुके हैं, उनका शत-प्रतिशत सत्यापन जरूरी है। डीएम ने आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधूरे निर्माण कार्य को 31 जुलाई तक पूरा कर संबंधित विभाग को हैंडओवर करने का निर्देश दिए।
डीएम ने जिले के एसडीएम को प्रतिदिन समय से कार्यालय में बैठकर जनसुनवाई करने, प्राप्त शिकायतों को आईजीआरएस पोर्टल पर अपलोड करने तथा उनके निस्तारण पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी।