कसया। वैरिया चौराहे पर ट्रेवल एजेंसी के दफ्तर में पिटाई के मामले में पुलिस ने आठ नामजद व चार अज्ञात हमलावरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
खेसारी गिदहा के जिब्राइल अंसारी ट्रेवल एजेंसी चलाते हैं। उन्होंने तहरीर में बताया कि मार्च में मैनुद्दीन अंसारी और शाहिद अली को दुबई की एक फूड डिलीवरी कंपनी में काम के लिए भेजा था। वहां उन्हें आईडी कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस भी मिल चुका था।
आरोप है कि दोनों युवक कंपनी को बिना बताए आउटपास बनवाकर स्वदेश लौट आए। 10 जुलाई को दोनों युवक 10 से 12 साथियों के साथ एजेंसी पहुंचे और विदेश भेजने में आए खर्च की मांग करते हुए गाली-गलौज और मारपीट करने लगे।
आरोप है कि बचाव करने आए कर्मचारी इमरान अंसारी पर हमलावरों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, तो आरोपी बाहर से दफ्तर का वीडियो बनाते हुए जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। एसओ इत्यानंद पांडेय ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद