रामकोला। ब्लॉक सभागार में सोमवार को क्षेत्र के सभी प्रधानाध्यापकों की बैठक हुई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और प्रधानाध्यापकों को विद्यालयों में व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने कहा कि सभी विद्यालयों में शौचालय, स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और सुंदरीकरण की बेहतर व्यवस्था होनी चाहिए। जर्जर या खराब शौचालयों की तत्काल सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए ताकि उनकी मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि विद्यालयों का कायाकल्प सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। बच्चों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। विद्यालय परिसर की साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रधानाध्यापकों से अपने-अपने विद्यालयों की स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर उपलब्ध कराने को कहा। रिपोर्ट के आधार पर जरूरी कार्यों को चिह्नित कर निर्माण और मरम्मत का काम कराया जाएगा।
बैठक में बीडीओ प्रभात कुमार राय, बीडीओ विजय कुमार सिंह, एडीओ पंचायत प्रदीप मल आदि मौजूद रहे।