पकड़ियार बाजार। क्षेत्र के मुख्य पश्चिमी गंडक नहर की पटरी से गुजर रहे खड्डा इंस्पेक्टर की निजी कार रविवार को राहगीर बचाने के दौरान अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। कार में सवार इंस्पेक्टर सुरक्षित हैं।
खड्डा थाने के इंस्पेक्टर नीरज कुमार राय रविवार को अपनी निजी कार से थाने जा रहे थे। उसी समय मुख्य पश्चिमी गंडक नहर मार्ग के खैरटिया-नंदन छपरा गांव के बीच अचानक एक राहगीर कार के सामने आ गया। राहगीर को सामने देख कार चालक ने नियंत्रिण खो दिया, जिससे कार नहर के पूरब तरफ सड़क से नीचे उतर गई। संयोग अच्छा रहा कि कार सवार इंस्पेक्टर को खरोच तक नहीं आई और राहगीर भी सुरक्षित बच गया। घटना देख मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों की मदद से कार को सीधा कराया गया। इसकी जानकारी होने पर खड्डा व नेबुआ नौरंगिया थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और ट्रैक्टर से कार को खिंचवाकर सड़क पर लाया गया। इसके बाद इंस्पेक्टर थाने की सरकारी वाहन से खड्डा के लिए रवाना हो गए।