मानक के अनुरूप नहीं मिला विवाह भवन और संत भवन
निरीक्षण को पहुंची सीडीओ ने जांच कर कार्यदायी संस्था के खिलाफ केस दर्ज कराने को कहा
संवाद न्यूज एजेंसी
दुदही। डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन योजना के तहत चयनित कलस्टर ग्राम पंचायत बांसगांव के जमुआन में 1.24 करोड़ की लागत से बने विवाह भवन और संत भवन निर्माण में मानकों की अनदेखी मिली। निर्माण कार्य अब तक अपूर्ण है। यह देखकर बुधवार को निरीक्षण को पहुंची सीडीओ ने कार्यदाई संस्था के विरुद्ध जांच कराकर केस दर्ज कराने का आदेश दिया है।
सीडीओ ने बुधवार को दुदही ब्लॉक के गांवों में विकास कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत बांसगांव के जमुआन में विवाह भवन, स्मार्ट क्लास, वर्मी कंपोस्ट के गड्ढों के निरीक्षण के बाद मनरेगा योजना से ग्राम पंचायत विशुनपुर बरियापट्टी में पोखरा खुदाई कार्य की भी जांच की। कमियां मिलने पर संबंधित कर्मचारियों को फटकारा। सीडीओ बड़हरा बुजुर्ग में निर्मित विवाह भवन और सामुदायिक शौचालय का भी निरीक्षण किया। ब्लॉक कार्यालय में गंदगी और रंग रोगन काफी पुराना होने पर बीडीओ संदीप सिंह को साफ-सफाई का निर्देश दिया।
इस दौरान मनरेगा उपायुक्त प्रेमप्रकाश तिवारी, परियोजना निदेशक राजनाथ प्रसाद भगत, बीडीओ संदीप सिंह, एडीओ पंचायत रामविलास गोड़, जेई आरईएस राहुल गुप्ता, एडीओ एजी ओमप्रकाश सिंह, एडीओ समाज कल्याण विजय राय, सचिव हरेन्द्र सिंह, अजीत कुमार, ओमप्रकाश सिंह, प्रमोद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।