सौरहा खुर्द गांव के दुबरहा टोले पर चोरी के लिए दीवार में काटी गई सेंध। संवाद न्यूज एजेंसी।
- फोटो : KUSHINAGAR
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सौरहा खुर्द गांव में हुई वारदात, पीड़ित के घर अगले माह होनी है बेटी की शादी
संवाद न्यूज एजेंसी
पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के सौरहा खुर्द गांव में मंगलवार रात घर में सेंध काटकर चोर सामान के साथ ही घरवालों के अरमान भी ले उड़े। घर में अगले माह बेटी की शादी है। शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, आभूषण और नकदी भी चोरी हो गया। घरवालों को भोर में घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी गई।
सौरहा खुर्द गांव के दुबरहा टोला निवासी धनई कुशवाहा की मकान के पीछे की दीवार में सेंध काटकर चोर घर में घुसे और बॉक्स तोड़कर अन्य सामानों के साथ ही शादी के लिए रखे आभूषण, नकदी और कपड़े चुरा ले गये। घर के दूसरे हिस्से में सो रहे लोगों को भनक तक नहीं लग पाई। भोर में महिलाएं उठीं तो टूटा बाक्स व सामान बिखरा देखकर शोर मचाया। तब चोरी की जानकारी हुई। परिजनों के अनुसार बेटी की शादी के लिए डेढ़ लाख का आभूषण, 74 हजार रुपये नकद और 50 हजार के कीमती कपड़े खरीदकर रखा गए थे। गांव के बाहर कुछ कपड़े व मिट्टी का एक बर्तन एक खेत में फेंका मिला। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में एसओ पवन कुमार सिंह का कहना है की घटना की जानकारी हुई है, जांच की जा रही है।