तमकुहीरोड। सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर सेवरही चीनी मिल क्षेत्र के 25 गन्ना क्रय केंद्रों का होल्ड किया इंडेंट जारी कर दिया गया है। इससे किसानों ने राहत की सांस ली है। इसके चलते किसानों व चीनी मिल पर गन्ने की आपूर्ति का संकट गहरा गया था।
खेत में खड़ी गन्ने की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ा दी थी। लेकिन आठ जनवरी की हुई सुनवाई के बाद बृहस्पतिवार से सभी गन्ना क्रय केंद्रों का इंडेंट जारी कर दिया गया। चीनी मिल प्रबंध तंत्र का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट का जो अग्रिम फैसला होगा, उसका अनुपालन किया जाएगा।
इस वर्ष 30 गन्ना क्रय केंद्रों के साथ सेवरही चीनी मिल ने पिछले 24 नवंबर से पेराई भी शुरू कर दी थी। इसी बीच गन्ना क्रय केंद्रों के निर्धारण के मामले को लेकर जेएचवी शुगर गड़ौरा की तरफ से 19 दिसंबर 2024 को सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुज्ञा याचिका दाखिल कर दी। इस पर न्यायालय की तरफ से पारित आदेश के अनुपालन में गन्ना आयुक्त प्रभुएन सिंह ने सेवरही शुगर मिल परिक्षेत्र के मिल गेट, महुअवा, मोगलपुरा, समउर, रकबा राजा सहित सेवरही केन यूनियन के पांच क्रय केंद्रों का आवंटन छोड़ कर शेष नौ गन्ना क्रय केंद्र, दुदही व तरयासुजान केन यूनियन के सभी गन्ना क्रय केंद्र मिला कर कुल 25 गन्ना क्रय केंद्रों का इंडेंट आगामी आठ जनवरी तक के लिए होल्ड पर रख दिया।