पटहेरवा/कुशीनगर। लोगों की सहूलियत के लिए जिले में कुछ नए थाने बनाए गए, लेकिन प्रशासनिक चूक से दर्जनों गांवों की दूरी बढ़ गई है। अब इस चूक का खामियाजा दर्जनों गांवों के लोग भुगत रहे हैं।
इन गावों की थाने से दूरी इतनी अधिक है कि ग्रामीणों को फरियाद लेकर थानों तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं पुलिसकर्मियों को भी इन गावों तक पहुंचाने में काफी असुविधा हो रही है। दो वर्ष से भी अधिक समय बीत जाने के बाद भी इस समस्या का समाधान नहीं हो सका है।
शासन स्तर से 2022 में तमकुहीराज व चौरा खास थाने की स्वीकृति प्रदान की गई। इसमें पटहेरवा व तरयासुजान थाना क्षेत्र के कुछ गावों को सम्मिलित कर नवसृजित थानों का शुभारंभ कर दिया गया। इसमें पटहेरवा थाने के करीबी गांव अमवा महंथ व मंगुरीपट्टी गांव को 20 किमी दूर चौरा खास में शामिल कर दिया गया। वहीं चौरा खास थाना के करीबी भड़सरवा, मुंडेरा, भठवा व विशुनपुरा को पटहेरवा थाने में ही रहने दिया गया। साथ ही तमकुहीराज थाना के निकटवर्ती रकबा राजा, पुरैना कटेया, हरपुर बेलही गांव भी पटहेरवा थाने के अंतर्गत ही आ रहे हैं।ौ