महापरिनिर्वाण मंदिर के सामने युद्ध विराम की मांग को लेकर डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ‘पूर्वांचल गांधी’
कसया। अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थली स्थित महापरिनिर्वाण मंदिर के सामने शनिवार को विश्व शांति और युद्ध विराम की मांग को लेकर डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ‘पूर्वांचल के गांधी’ ने अनिश्चितकालीन शांति सत्याग्रह शुरू किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताते हुए तत्काल युद्ध रोकने की अपील की। डॉ. मल्ल ने कहा कि अमेरिका इस्राइल–ईरान के बीच जारी संघर्ष मानवता के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि यदि हालात नहीं संभले तो परमाणु हथियारों के प्रयोग की स्थिति बन सकती है, जो पूरी दुनिया के लिए विनाशकारी साबित होगा।
उन्होंने ‘बुद्ध, महावीर और गांधी की शांति भूमि भारत’ से राष्ट्रपति को संबोधित अपील में युद्ध रुकवाने में मुख्य भूमिका निभाने व शांति दल भेजने की बात कही। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के माध्यम से अमेरिका को स्पष्ट संदेश दिए जाने का आग्रह किया कि भारत किसी भी परमाणु हमले का कड़ा विरोध करता है। डॉ. मल्ल ने फिलिस्तीन के गाजा में मारे गए बच्चों का जिक्र करते हुए कहा कि यह संघर्ष मानवता को शर्मसार कर रहा है। उन्होंने बताया कि शांति सत्याग्रह के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा व्यवधान डालने की कोशिश भी की गई, बावजूद इसके आंदोलन जारी रहेगा। इस दौरान योगी राजेश्वर मुनि जितेंद्र मणि जनार्दन सिंह अंशुमान पांडेय आदि मौजूद रहे।