सेवरही सब्जी मंडी में व्यापारी से मारपीट की घटना के विरोध में धरना देते व्यवसायी।स्रोत-सोशल मीड
तमकुहीरोड। सेवरही के न्यू पाल सब्जी मंडी में कुछ लोगों द्वारा शनिवार को एक टेंपो चालक के साथ व्यापारियों से की गयी मारपीट से आक्रोशित सब्जी व्यापारियों ने हंगामा करते हुए धरना दिया। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। मौके पर पहुंची सेवरही पुलिस ने व्यापारियों को समझा-बुझाकर और कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर धरने को समाप्त कराया। व्यापारियों का कहना है कि यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो रविवार को पुनः धरना देने के लिए बाध्य होंगे।
शनिवार को सुबह 9 बजे टेम्पो चालक रफीक कुरैशी एक दुकान के सामने अपनी टेम्पो पर सब्जी लाद रहा था। इसी बीच सब्जी मंडी के बगल के गांव के कुछ लोगों से उसकी कहासुनी हो गयी। व्यापारियों का आरोप है कि उसके बाद चार युवक लाठी डंडे और असलहा लहराते हुए आए और टेम्पो चालक को मारने लगे। अमित गुप्ता जब बीच बचाव कर उसे छुड़ाने के लिए आगे आया तो युवकों ने सब्जी मंडी को मिटा देने की धमकी देते हुए उसे भी पीट कर घायल कर दिया और वहां से निकल गए।
इसके बाद सभी व्यवसायी एकत्र होकर हंगामा करने लगे और धरने पर बैठ गए। इसकी सूचना मिलते ही सेवरही पुलिस चौकी इंचार्ज अनिल कुमार शर्मा फोर्स के साथ, चेयरमैन प्रतिनिधि त्रिभुवन जायसवाल, व्यापारी नेता अमरनाथ गुप्ता, पप्पू जायसवाल सहित अनेक व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने सब्जी व्यवसायियों को समझा बुझा कर शांत कराया और कार्रवाई का आश्वासन देते हुए धरना समाप्त कराया।
दुकानदार मनीष गुप्ता ने चार लोगों को नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सेवरही के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह का कहना है कि इस मामले में मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई की जा रही है।