अवैध गैस रिफिलिंग और बिक्री की हुई जांच
खड्डा। एसडीएम ने शनिवार को अवैध गैस रिफिलिंग और बिक्री की जांच की। छितौनी में एक घर में आठ अवैध सिलिंडर और पासबुक मिले। आपूर्ति के लिए एक वाहन पर लदे सात कामर्शियल सिलिंडर की जांच भी चल रही है।
एसडीएम अरविंद कुमार के नेतृत्व में तहसीलदार डॉ. एसके राय, एआरओ रविंद्र सिंह, पूर्ति निरीक्षक रविंद्र प्रताप सिंह, एसओ हनुमानगंज विभा पांडेय की टीम ने छितौनी कस्बे में जांच की। एक घर से रखे छह भरे और दो खाली सिलिंडर मिले। साथ ही विभिन्न नाम से तीस पासबुक बरामद किए गए। गृहस्वामी की पत्नी ने अधिकारियों को बताया कि वह गैस एजेंसी से पासबुक पर सिलिंडर लेकर बेचती है। इसी बीच एक टेंपो में लदा सात कामर्शियल सिलिंडर मिला। उस पर दूसरी कंपनी का लोगो था। टेंपो चालक कागजात नहीं दिखा सका। चालक ने बताया कि कटाई भरपुरवा में एजेंसी है। वहां से लाकर आपूर्ति करता है। बरामद सभी सिलेंडर को जब्त कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
एसडीएम अरविंद कुमार ने बताया कि घरेलू गैस सिलिंडर के कामर्शियल उपयोग व अवैध रूप से क्रय-विक्रय की सूचना पर छितौनी में जांच की गई। अवैध बिक्री के लिए रखे सिलिंडर व पासबुक बरामद हुए हैं। जिनका पासबुक बरामद हुआ है, उनका पता लगाया जा रहा है। टेंपो पर लदे सिलिंडर की वैधता की जांच की जा रही है। जांच में द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय और वितरण विनिमय) आदेश का उल्लंघन पाया गया है। दोषी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।