पडरौना/पकवा इनार। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर लापरवाही के कारण लोगों की जान खतरे में है। यातायात नियमों की अनदेखी भी हर दिन बड़े हादसों का मुख्य कारण बन रही है। राजमार्ग पर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने डेंजर जोन को चिह्नित कर रखा है, जहां अवैध कट तो हैं ही, वहीं गलत दिशा व लापरवाही में चलने से भी हादसे हो रहे हैं।
असमय ही लोग जान गंवा रहे हैं, इसके बावजूद लोग नहीं चेत रहे हैं। यातायात नियमों के अनुपालन व सावधानी से ही हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है। इसके लिए राजमार्ग पर आवागमन के दौरान किसी तरह की लापरवाही जानलेवा बन सकती है।
जिले में राजमार्ग-28 की शुरुआत सुकरौली से पूर्व 15 मील से शुरू हो जाती है। इसमें बिहार सीमा तक प्रमुख नगरों में सुकरौली, ढाढ़ा, हाटा, हेतिमपुर, पकवा इनार, कुशीनगर, कसया, मल्लूडीह, जोकवा फाजिलनगर, पटहेरवा, पटहेरिया, लबनिया, तमकुही राज, लतवा चट्टी, सलेमगढ़ व बहादुरपुर पुलिस चौकी तक राजमार्ग पर अवैध कट बने हुए हैं। यहां से लोग लापरवाही के साथ बाइक, साइकिल व पैदल चलकर हाईवे पार करते रहते हैं। इसमें तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आकर जिंदगी गंवा बैठते हैं ।
लोक निर्माण विभाग व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण जागरूकता के तौर पर दुर्घटना बहुल क्षेत्र की सूचना व वाहनों की रफ्तार व संकेतों को उचित स्थलों पर लगा रखा है। इसके बावजूद अनदेखी कर लापरवाही बरतते हैं, जिसके चलते जान गंवा देते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग-28 स्थित भैंसहा-हेतिमपुर से कसया व कुशीनगर के बीच सरदार ढाबा के पास अवैध कट बना है। यही नहीं पकड़ी हवा में खेती काम से लोग तेज रफ्तार वाहनों के बीच हाईवे पार करते हैं।