पडरौना। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच में आइसक्रीम फैक्टरी बिना पंजीकरण के संचालित मिली। कारोबारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया। इसके अलावा टीम ने एक दुकान से बेसन का नमूना जांच के लिए भेज दिया।
सहायक आयुक्त द्वितीय प्रदीप कुमार राय ने बताया कि जंगल विशुनपुरा के आफताब आलम ने आईजीआरएस पर शिकायत कर गांव के श्रवण कुमार गुप्त पर बिना लाइसेंस और गंदगी के साथ खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत शिवांश आइसक्रीम एवं आटा चक्की मिल नाम से फैक्टरी चलाने की शिकायत की थी। जांच के दौरान फैक्टरी के पिछले भाग में छह सांचे की बर्फ जमाने की मशीन और दो डीप फ्रीजर मिले। डीप फ्रीजर में सादा बर्फ के टुकड़े और बर्फ की सिल्ली मिली। आइसक्रीम या आइसकैंडी नहीं मिली। कारोबारी बर्फ व सिल्ली को मछली विकेताओं को बेचने के लिए रखा बताया। जांच के दौरान परिसर के अगले हिस्से में एक आटा चक्की और एक छोटा स्पेलर लगा मिला। टीम ने कारोबारी से पंजीकरण प्रमाण पत्र मांगा, लेकिन वे प्रस्तुत नहीं कर सके। उनके विरुद्ध विभाग की तरफ से मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा रामप्रीत कुशवाहा निवासी पृथ्वीपुर ने गांव के मुसहरी टोला स्थित एक दुकान पर मिलावटी खाद्य पदार्थ और बेसन बेचने की शिकायत की थी। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा ने बेसन के नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया।