तमकुहीरोड। सेवरही नगर पंचायत के बाबू गेंदा सिंह नगर निवासी एक युवक ने अपने ऊपर लगे मोबाइल चोरी के आरोप से आहत होकर सुसाइड नोट लिखकर बृहस्पतिवार की रात फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह उसका शव घर के कमरे में फंदे से लटकता मिलने पर गांव में सनसनी फैल गई। परिवार में कोहराम मच गया।
इसकी सूचना मिलते ही सेवरही पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सेवरही थाना क्षेत्र के बाबू गेंदा सिंह नगर निवासी 18 वर्षीय फतेह आलम पुत्र आजाद का गांव के एक परिवार में आना-जाना था। उस घर से कुछ दिन पहले एक मोबाइल चोरी हो गया। उस परिवार को शक था कि फतेह आलम ने मोबाइल गायब कर दिया है। बाद में घरवालों ने सेवरही थाने में मोबाइल चोरी की शिकायत भी की थी, ताकि उसके गलत इस्तेमाल का खामियाजा उन्हें न भुगतना पड़े लेकिन मोबाइल चोरी के आरोप से फतेह आलम काफी आहत था। इसके चलते वह बृहस्पतिवार की रात में खुदकुशी कर लिया।
रात में जब सभी लोग खाना खाकर सोने चले गए थे तो फतेह आलम ने अंग्रेजी में एक सुसाइड नोट लिखकर अपने गले में साड़ी का फंदा लगाकर छत से झूल गया। शुक्रवार को सुबह जब परिवार वाले उसके कमरे में गए तो छत से युवक का शव छत से लटकता देख चीख पुकार मच गई। घरवालों की चीख पुकार सुनकर लोग घर के बाहर जमा हो गए।
इसकी सूचना मिलते ही सेवरही के एसएचओ धीरेंद्र कुमार राय मय फोर्स मौके पर पहुंचे और शव को छत से उतरवा कर उसकी तलाशी ली तो उसके जेब से अंग्रेजी में लिखा एक सुसाइड नोट निकला। उसमें लिखा था कि मैं मरना नहीं चाहता, लेकिन चोरी का आरोप लेकर जीना नहीं चाहता। इसलिए मैं अपनी जान देने जा रहा हूं। मैं अपनी मौत का खुद जिम्मेदार हूं। उसके बाद पुलिस ने शव का मुआयना करने और परिवार के लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में सेवरही के एसएचओ धीरेंद्र कुमार राय का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।