पुलिस चौकी पर किया हंगामा, पकड़े गए व्यक्ति को छुड़ाया
रामकोला थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज बाजार की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
लक्ष्मीगंज/रामकोला। शनिवार शाम करीब छह बजे लक्ष्मीगंज बाजार में लॉकडाउन उल्लंघन के आरोप में पकड़े गए एक व्यक्ति को भीड़ ने पुलिस के हाथों से छुड़ा लिया। इस दौरान भीड़ की तरफ से चलाए गए पत्थर से चौकी इंचार्ज के भी सिर में चोट लगी है। करीब एक घंटे तक पुलिस असहाय बनी रही।
शनिवार की शाम को लक्ष्मीगंज बाजार में दुकान बंद होने के बावजूद काफी संख्या में लोग सड़क पर टहल रहे थे। बाजार स्थित पुलिस चौकी के सिपाही लॉकडाउन का पालन कराने निकले। लोगों से अपने घरों में रहने की अपील की जाने लगी। इस दौरान पुलिस एक युवक को पकड़कर चौकी पर ले गई। आरोप था कि यह युवक बेवजह बाजार में घूम रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से नाराज लोग भी पीछे-पीछे पुलिस चौकी पहुंच गए। वहां पुलिस चौकी प्रभारी रामनरायण दूबे से भी लोग उलझ गए। चौकी प्रभारी ने सख्ती दिखाकर भीड़ को हटाने का प्रयास किया तो भीड़ में किसी ने पत्थर चला दिया। पत्थर चौकी प्रभारी रामनारायण दूबे के सिर पर लगा, जिससे उन्हें चोट लग गई। इसके बाद पुलिस बैकफुट पर आ गई। भीड़ पुलिस चौकी में बैठाए गए युवक को छुड़ाकर अपने साथ लेती गई। इसकी जानकारी होने पर पहुंचे एसओ रामकोला केपी सिंह ने चौकी इंचार्ज व पुलिस कर्मियों से इसकी जानकारी ली। एसओ ने बताया कि चौकी इंचार्ज पर पत्थर चलाने वाले व्यक्ति की पहचान की जा रही है। इस मामले में केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।