दो गज की दूरी रखकर पढ़ी नमाज, दूर से दी ईद की बधाई
कोरोना महामारी को देखते हुए केवल 5-5 लोगों ने ईदगाह व मस्जिदों में अदा की नमाज
सोशल मीडिया पर दिन भर चला बधाइयों का दौर
अमर उजाला ब्यूरो
पडरौना। कोरोना के बढ़ते कहर को देखते हुए इस बार भी ईद का त्योहार पूरी संजीदगी के साथ घरों में रहकर मनाया गया। सबेरे ईदगाहों व मस्जिदों में 5-5 लोगों द्वारा ईद की नमाज अदा की गई। शेष लोगों ने घर में ही दूर-दूर रहकर नमाज अदा की। सभी ने एक दूसरे को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ ईद की मुबारकबाद दी। अधिकांश लोगों ने अपने मित्रों व रिश्तेदारों को भी सोशल मीडिया पर ही ईद की बधाई देते हुए जल्दी से जल्दी इस महामारी से उबरने का भरोसा दिलाया।
बृहस्पतिवार की शाम को चांद दिखने के साथ ही मुस्लिम परिवारों में ईद की तैयारियां शुरू हो गई थीं। शुक्रवार को सुबह आठ बजे चुनिंदा 5-5 लोग ईदगाहों व मस्जिदों में पहुंचे। वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए नमाज अदा की गई। सभी ने एक-दूसरे को खुशी के इस त्योहार की मुबारक बाद दी। अन्य लोगों ने भी इसका अनुसरण किया और घरों में रहकर नमाज पढ़ी और एक-दूसरे को ईद की बधाई दी। पडरौना नगर में हथिसार मोहल्ला, नौका टोला, जमालपुर, छावनी, गुफ्ती शहीद स्थित ईदगाहों पर ईमाम के साथ 5-5 अकीदतमंदों ने नमाज अदा की। नमाज के दौरान खुतबा से पूर्व पडरौना जामा मस्जिद के पेश ईमाम मुफ्ती रजाऊल मुस्तफा ने कहा कि एक माह भूखे-प्यासे रहकर हर बुरी चीजों से परहेज करने वाले मुसलमानों के लिए यह खुशी का त्योहार आता है। रमजान माह प्यार और अमन का ऐसा पैगाम देता है, जिससे नफरत मिटे व हर तरह के भेदभाव की खाई पट जाए। रमजान उन तमाम अमीरों को भूखे-प्यासे रह गरीबों के दर्द का एहसास करता है और दुनिया को एक सूत्र में पिरोता है, क्योंकि यही वह बाबरकत का महीना है , जिसमें कुरान शरीफ नाजील (अवतरित) किया गया।
घरों में पढ़ी ईद की नमाज
पडरौना। कोरोना वायरस के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इस बार ग्रामीण क्षेत्रों में भी ईद की नमाज घरों में ही पढ़ी गई। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए लोगों ने मुल्क और अवाम को हर मुसीबत से महफूज रहने की दुआ मांगी। इसके बाद दूर से ही एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। लोगों ने घरों से निकलने में भी परहेज किया। वहीं, ईदगाहों और मस्जिदों में सन्नाटा छाया रहा। डीएम-एसपी सहित अन्य अफसरों ने भ्रमण का जायजा लिया तो पुलिस के जवान पेट्रोलिंग करते नजर आए। सीओ सदर संदीप वर्मा, कोतवाल अनुज कुमार सिंह ने पडरौना नगर के सुभाष चौक, छावनी, तिलक चौक सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर भ्रमण कर लोगों से घरों में ईद की नमाज अदा करने की अपील की। ग्रामीण क्षेत्र के सिधुआं बाजार, बसहिया बनबीरपुर, जंगल बनवीरपुर, सुखपुरा कटनवार, परसौनी कला, हरका चौक, मिश्रौली बाजार, बड़हरागंज, खिरकिया बाजार सहित अन्य गांवों में लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए घर में ही ईद की नमाज अदा की और मोबाइल के माध्यम से एक-दूसरे को बधाई दी।
कोरोना गाइडलाइन का रखा ख्याल
तमकुहीरोड। सेवरही क्षेत्र में शुक्रवार को ईद का पर्व परंपरागत सौहार्द एवं भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मौलवियों द्वारा मस्जिदों व ईदगाहों में रोजेदारों द्वारा अपने घरों में ईद की नमाज अदा की गई। सेवरही, तुर्कवलिया, अवदान टोला, जानकीनगर, पिपरा मुस्तकिल अगरवा, मेहदिया, सिराजनगर, बेलवारीपट्टी, टिकुलिया, बभनौली, भटवलिया, दोमाठ, विशुनपुरा, कत्तौरा, दाहूगंज, परसा उर्फ सिरिसिया, पकड़ियार पूरब पट्टी, पुरानी बाजार, अहिरौली मिश्र, रकबा राजा, डफाली टोला, मिश्रौली सहित अन्य सभी गांवों में सोशल डिस्टेंसिंग के बीच ईद मनी। सेवरही एसओ महेंद्र कुमार चतुर्वेदी, चौकी इंचार्ज पुरुषोत्तम राव पुलिस टीम के साथ दिन भर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। क्षेत्रीय विधायक अजय कुमार लल्लू, पूर्व विधायक कासिम अली, पूर्व विधायक नंदकिशोर मिश्र, सेवरही चेयरमैन श्यामसुंदर विश्वकर्मा, सपा नेता मधुरश्याम राय, पूर्व चेयरमैन त्रिभुवन जायसवाल, शाकिर अली, सफदर हुसेन खान सहित अनेक लोगों ने ईद की मुबारकबाद दी।
ईद पर बरती गई सतर्कता
उजारनाथ। क्षेत्र के करमैनी, सिंदुरिया बुजुर्ग, मोगलपुरा, धार मठिया, गगलवा, देवरिया वृत, अमरवा बुजुर्ग, उजारनाथ, सपही, जवार भैंसहा, पकड़ी गोसाईं, मठिया आदि गांव में ईद का त्योहार आपसी सौहार्द के साथ मनाया गया। रोजेदारों ने अपने अपने घरों में ही ईद की नमाज अदा की। ग्राम सभा मोगलपुरा के ग्राम प्रधान अब्बास अंसारी, देवरिया वृत के ग्राम प्रधान राजकुमार सिंह आदि ने से कोविड गाइडलाइन का पालन करते हुए त्योहार मनाने की अपील की।
वैश्विक महामारी से निजात की दुआ मांगी
तुर्कपट्टी। क्षेत्र की ग्रामसभा घोरठ शंकरपुर, शेखवापट्टी, झनकौल, छहूं,अमवा दूबे, बसडीला पाण्डेय, रुदवलिया व खैरटिया, महासोन सहित विभिन्न गांवों में ईद उल फित्र के अवसर पर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने अपने घरों में ही नमाज अदा की तथा एक-दूसरे को मुबारकबाद दिया। मुस्लिम धर्मगुरुओं ने ईदगाहों व मस्जिदों में पांच-पांच लोगों के साथ नमाज पढ़ी। नमाजियों ने अपने मुल्क की तरक्की, लोगों के जीवन में खुशहाली व कोरोना जैसे वैश्विक महामारी के खात्मे के लिए अल्लाह से दुआ मांगी। महासोन मस्जिद के मौलाना तौकीर ने बताया कि देश और दुनिया को निरोग रखने की दुआ की गई। सभी ने अपने परिवार के साथ ईद मनाई। जिंदगानी रही तो फिर मस्जिदों में नमाज अदा होगी।
मेला न मुलाकात, बीत गई ईद
कसया/साखोपार। कोरोना संकट काल में शुक्रवार को कसया शहर में ईद का त्यौहार सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनाया गया। लोगों ने घरों में ही नमाज पढ़कर एक-दूसरे को त्योहार की बधाई दी। गले मिलने से परहेज किया। अधिकतर लोगों ने मोबाइल फोन और व्हाट्सएप के जरिए बधाई दी। इस बार ईदगाहों पर मेला नहीं लगा, न ही लोगों ने एक दूसरे के घर जाकर मुलाकात करने का प्रयास किया। मस्जिदों में पांच-पांच लोगों ने ही नमाज पढ़ी।