पंचायत के हुक्म पर चेहरे पर कालिख पोतकर प्रेमी युगल को मोहल्ले में घुमाया
हाटा (कुशीनगर)। हाटा नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 में पंचायत के हुक्म पर प्रेमी युगल की न सिर्फ पिटाई की गई, बल्कि युवती के बाल भी काट दिए गए। यही नहीं, दोनों के चेहरे पर कालिख पोतकर, चप्पल की माला पहनाकर मोहल्ले में घुमाया गया। दो दिन पहले हुई इस घटना का वीडियो वायरल होने पर बुधवार को पुलिस ने चौकीदार से तहरीर लेकर छह नामजद और 30 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
हाटा नगर पालिका के वार्ड नंबर 22 में एक ही धर्म से संबंध रखने वाले युवक और युवती के बीच प्रेम संबंध था। इसकी जानकारी घरवालों को हुई तो उन्होंने समझाने का प्रयास किया, लेकिन बालिग प्रेमी युगल अपनी जिद पर अड़े रहे। यह जानकारी जब मोहल्ले के लोगों को हुई तो उन्हें यह नागवार लगा। कुछ लोग दोनों की निगरानी करने लगे। दो दिन पहले मोहल्ले के लोगों ने दोनों को एक साथ पकड़ लिया। इसके बाद मोहल्ले में पंचायत बैठी। प्रेमी युगल के घरवालों को जानकारी हुई तो उन्होंने इस कार्रवाई का विरोध किया, लेकिन लोगों ने उन्हें चुप करा दिया। पंचायत के फरमान पर युवती का बाल काटा गया। प्रेमी युगल के चेहरे पर कालिख पोतकर चप्पलों की माला पहनाकर मोहल्ले में घुमाया गया। चर्चा तो यहां तक है कि मोहल्ले में घुमाने के दौरान किसी ने युवती का दुपट्टा तक खींच दिया था। बुधवार को इस घटना से संबंधित वीडियो वायरल होने पर हरकत में आई हाटा कोतवाली पुलिस ने आनन-फानन में सभासद प्रतिनिधि और एक अन्य व्यक्ति को हिरासत में ले लिया।
हाटा कोतवाल ज्ञानेंद्र कुमार राय ने बताया कि प्रेमी युगल के घरवालों ने तहरीर नहीं दी है फिर भी गांव के चौकीदार से तहरीर लेकर छह नामजद और 30 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। इस संबंध में एसपी विनोद कुमार मिश्रा का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है। वार्ड सभासद प्रतिनिधि व एक अन्य को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान करके कार्रवाई की जाएगी।