पडरौना। सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा है। कभी धूप निकल आती है, कभी काले बादल छा जाते हैं। बादलों के लुकाछिपी के बीच तापमान 36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, लेकिन हवा में नमी 62 फीसदी होने और मौसम में नमी के चलते उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे।
रविवार को दिन में हल्की बारिश के बाद सोमवार की सुबह भी मौसम ने करवट ली। सुबह करीब सात बजे से ही आसमान में बादल छाने लगे। 10 बजे तेज धूप निकली तो लगा अब गर्मी बढ़ेगी, लेकिन 11 बजे फिर बादल घिर आए और ठंडी हवा का झोंका आया। दोपहर तक यही क्रम चलता रहा। मौसम की इस उठापटक से लोगों को लग रहा था कि बारिश होगी और गर्मी से छुटकारा मिलेगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। मौसम विभाग के अनुसार हवा में नमी का स्तर बहुत ज्यादा है। बादल हैं, लेकिन बरस नहीं रहे। बादलों की वजह से धूप सीधी नहीं पड़ रही, पर उमस पहले से ज्यादा हो गई है। कृषि विज्ञान केंद्र सरगटिया के मौसम वैज्ञानिक श्रुति वी सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी वाली हवाएं यूपी के ऊपर ट्रफ लाइन बना रही हैं। इसी वजह से बादल तो बन रहे हैं, लेकिन अच्छी बारिश के लिए पश्चिमी विक्षोभ का साथ चाहिए जो अभी नहीं मिल रहा।