लोगों ने सोमवार को रामजानकी मंदिर परिसर में धरना दिया।
- फोटो : अमर उजाला
खड्डा। नगर पंचायत अध्यक्ष खड्डा की अगुवाई में कस्बे के लोगाें ने सोमवार को तहसील में धरना दिया। ये लोग राशनकार्ड बनाने में गड़बड़ी करने का आरोप लगा रहे थे। धरनास्थल पर पहुंचे पूर्ति निरीक्षक को बंधक बना लिया। हालांकि बाद छोड़ दिया।
धरना दे रहे लोग डीएसओ और एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग कर रहे थे। नगर पंचायत अध्यक्ष शारदा तुलस्यान के साथ राजू तुलस्यान, कई सभासद और कस्बेवासी तहसील में पहुंचकर धरने पर बैठ गए।
इन लोगों का कहना था कि कस्बे में राशनकार्ड बनाने में काफी गड़बड़ी की गई है। तकरीबन 1200 कार्ड गलत तरीके से बनाए गए हैं। ऐसे कार्डों को जब्त कर अधिकारियों से सुधार कराने की मांग की गई थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई और राशनकार्डों को पुन: वितरित कर दिया गया। धरना दे रहे लोगों का कहना था कि फर्जी राशनकार्डों के जरिए हर महीने काफी मात्रा में राशन की कालाबाजारी की जा रही है।
धरनारत लोगों ने कहा कि जब तक डीएसओ नहीं आते हैं, धरना समाप्त नहीं करेंगे। मौके पर पहुंचे खड्डा के पूर्ति निरीक्षक निर्भय सिंह ने लोगों से धरना समाप्त करने की अपील की लेकिन लोगों ने उनकी बात नहीं सुनी और वापस भेज दिया। देर शाम तक कोई सक्षम अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा था।