सीताराम चौराहा। बरवाराजा पाकड़ गेंदा खेली मैदान में संजय क्लब के तत्वावधान में आयोजित 48वीं संजय कप आल इंडिया फुटबाल प्रतियोगिता के तहत रविवार को खेले गए प्रथम सेमीफाइनल में मेजबान टीम ने सशक्त प्रदर्शन करते हुए फ्रेंडशिप फुटबाल क्लब देवरिया को 2-0 से पराजित कर फाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
मुकाबला शुरू से ही तेज गति व आक्रामक रणनीति के साथ खेला गया, जिससे मैदान पर रोमांच बना रहा। पहले हाफ में दोनों टीमों ने संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। कई बार गोल के अवसर बने, लेकिन मजबूत रक्षापंक्ति व गोलकीपरों की सतर्कता के चलते कोई भी टीम बढ़त नहीं बना सकी। मध्यांतर तक स्कोर 0-0 रहा, जिससे दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई। दूसरे हाफ की शुरुआत में मेजबान टीम ने खेल की दिशा बदल दी। हाफ के आठवें मिनट में जर्सी नंबर आठ खिलाड़ी ने शानदार मूव के बाद गोल दागकर टीम को बढ़त दिलाई। इसके तुरंत बाद दसवें मिनट में जर्सी नंबर ग्यारह खिलाड़ी हंटर ने सटीक प्रहार करते हुए दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया। इसके बाद देवरिया की टीम ने वापसी के प्रयास किए, लेकिन मेजबान टीम की संगठित रक्षापंक्ति ने सभी हमलों को विफल कर दिया। अंत तक स्कोर में कोई परिवर्तन नहीं हुआ।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि व्यवसायी नुरुल हसन व विशिष्ट अतिथि अनिल गुप्ता व भीम गुप्ता ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। रेफरी की जिम्मेदारी खुर्शेद आलम ने निभाई, जबकि लाइन मैन के रूप में ज्ञानप्रकाश व प्रभात मिश्र तैनात रहे। उद्घोषणा की जिम्मेदारी प्रिंस शुक्ल, महमूद अंसारी व सोनू कुमार ने संभाली।