हास्पिटल पर नोटिस चस्पा करती विभाग की टीम।संवाद
पडरौना। पथरी का ऑपरेशन करने के बहाने एक निजी अस्पताल में किडनी निकालने के मामले में हॉस्पिटल संचालक का बेटा भी पुलिस के रडार पर है। वह नीट की तैयारी कर रहा है। जांच में उसकी भी भूमिका संदिग्ध मिली है।
वहीं संचालक हॉस्पिटल बंद कर फरार हो गया है। बृहस्पतिवार को पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम अस्पताल पर नोटिस चस्पा कर चली गई। प्रथम दृष्टया जांच में निजी अस्पताल का रजिस्ट्रेशन होने की पुष्टि नहीं हुई है। कार्यवाहक सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जांच शुरू कर दिया है। गोरखपुर और लखनऊ के जिस अस्पताल में पीड़ित का इलाज हुआ है, उस अस्पताल से भी जानकारी लेने पुलिस जा सकती है। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के उपाध्याय टोला निवासी अलाउद्दीन को पेट में दर्द हुआ तो 4 अप्रैल 2025 को इलाज कराने के लिए महराजगंज के एक निजी अस्पताल में गया। अल्ट्रासाउंड कराने के बाद डॉक्टर ने बताया कि किडनी में पथरी है ऑपरेशन करना पड़ेगा। इसके बाद रुपये का इंतजाम करने के लिए घर आ गया। इस दौरान उसकी मुलाकात तार मुहम्मद से हुई। उसने बताया कि न्यू लाइफ केयर हॉस्पिटल में बाहर से सर्जन ऑपरेशन के लिए आते हैं, वहां कम पैसे में बेहतर ऑपरेशन हो जाएगा।