पडरौना। कलक्ट्रेट सभागार में बृहस्पतिवार को डीएम की अध्यक्षता में आईजीआरएस सहित विभिन्न माध्यमों से प्राप्त शिकायतों, प्रकरणों के निस्तारण में असंतुष्ट फीडबैक से संबंधित अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें जिन विभागों में शत-प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक मिला, उन विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई। डीएम महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि जिन विभागों में शत प्रतिशत असंतुष्ट फीडबैक है, उन विभागों के अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए अधिकारी मिले दायित्वों का निर्वहन पूरे मनोयोग से करें, ताकि जिले की रैंकिंग में सुधार लाया जा सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों को अधिकारी कटेगरी वाइज कर सही ढंग व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। बैठक में डीएम ने असंतुष्ट फीड के संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी से पूछताछ की तो वे पूरी जानकारी नहीं दे सके। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए। बैठक में डीएम ने असंतुष्ट निस्तारण वाले विभागों की बैठक प्रत्येक सप्ताह करने के लिए एडीएम को निर्देश दिया।
डीएम ने कहा कि स्पेशल क्लोज वाले प्रकरणों को गुणवत्ता व मानक के अनुरूप निस्तारण करें। डीएम ने अधिशासी अभियंता विद्युत द्वारा निस्तारित किए गए अधिकतर मामलों में असंतुष्ट फीडबैक मिलने पर स्पष्टीकरण जारी करने के लिए संबंधित को निर्देश दिया। इसी तरह सीएमओ द्वारा निस्तारण में लापरवाही मिलने पर शो-काल नोटिस जारी किए। इस दौरान सीडीओ गुंजन द्विवेदी, एडीएम वैभव मिश्रा, प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. ब्रजनंदन आदि मौजूद रहे।