कुशीनगर। तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के धुरिया इमिलिया स्थित एक निजी मेडिकल स्टोर की आड़ में अवैध रूप से संचालित हो रहे अस्पताल को शनिवार को सीएचसी तमकुहीराज की टीम ने सील कर दिया।
क्षेत्र के दो व्यक्तियों ने अस्पताल संचालक पर मरीजों की जान को खतरे में डालने की शिकायत की थी। इसके बाद सीएमओ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शनिवार को जांच के बाद तमकुहीराज तहसील क्षेत्र के धुरिया इमिलिया स्थित अयांशी मेडिकल स्टोर/अस्पताल पहुंची। सीएचसी तमकुहीराज के अधीक्षक डॉ. हिमांशु कुमार के नेतृत्व में अवैध अस्पताल के जांच के लिए पहुंची।
टीम ने मेडिकल स्टोर की आड़ में संचालित निजी अस्पताल में अनियमितता की पुष्टि की और तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को सील कर दिया। जांच के दौरान अस्पताल में मौजूद एक मरीज ने गंभीर आरोप लगाया कि अस्पताल संचालक ने इंजेक्शन लगाया, इसके बाद उसके पैर में सूजन आ गई।
सीएचसी तमकुहीराज के अधीक्षक डॉ. हिमांशु कुमार ने बताया दो व्यक्तियों ने मेडिकल स्टोर के आड़ में संचालित हो रहे अवैध अस्पताल की शिकायत के बाद निजी मेडिकल स्टोर/ अस्पताल को सील कर दिया गया है।