पडरौना। लोकतंत्र के महापर्व को कुछ उत्साही लोगों ने और आकर्षक और जीवंत बना रखा है। ऐसे ही एक मतदाता हैं पडरौना नगर के गांधी नगर वार्ड निवासी शिवजी वर्मा। इस बार भी वे अपने घोड़े पर सवार होकर जूनियर हाईस्कूल स्थित बूथ पर पहुंचे और मताधिकार का प्रयोग किया। घुड़सवारी के शौकीन शिवजी ने वोट देने के बाद शहर का एक चक्कर लगाया।
शिवजी वर्मा अच्छी नस्ल का घोड़ा पालते हैं। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में पहली बार वे अपने घोड़े पर सवार होकर वोट देने पहुंचे थे। बूथ पर लोगों को यह आश्चर्यजनक तो लगा लेकिन लोगों की प्रतिक्रिया ने शिवजी का उत्साह बढ़ा दिया। तब से वे सभी चुनावों में अपने घोड़े पर ही सवार होकर वोट देने पहुंचते हैं। इस बार भी सुबह करीब 10 बजे शिवजी अपने घोड़े पर सवार होकर जूनियर हाईस्कूल परिसर में बने बूथ पर पहुंचे। उन्हें देख आश्चर्यचकित पुलिसवालों ने रोका तो शिवजी ने उन्हें वोट देने की बात कही। वोट देकर वे बाहर निकले और घोड़े पर बैठकर शहर का एक चक्कर लगाया। उनका कहना था कि आम आदमी के हितों की रक्षा के लिए मतदान करना जरूरी है। लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करनेे के लिए ही घोड़े पर सवार होकर बूथ तक आता हूं।