निचलौल। ब्लॉक क्षेत्र में कार्यरत 60 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का अगस्त माह का मानदेय रोक दिया गया है। यह कार्रवाई बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय कुमार नायक ने की। इस कार्रवाई के बाद अन्य आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में हलचल तेज हो चुकी है।
बाल विकास परियोजना अधिकारी अजय कुमार नायक ने बताया है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की ओर से लापरवाही बरतते हुए ई-केवाईसी, फेस कैप्चरिंग और पोषण ट्रैकर अपडेट नहीं किए गए। प्रभावित आंगनबाड़ी केंद्रों में सोहट, डीगही, रामचंद्रही, पैकौली, गिरहिया, बढ़ईपूर्वा, परागपुर, बेदौली, बढ़या मुस्तकिल, ढेसो, ठूठीबारी, टिकुलहिया, जयश्री, कैमा, कर्माहिया, भेड़िहारी और हरगांव शामिल हैं। सभी कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया है। उन्हें दो दिन के भीतर अपना पक्ष साक्ष्य के साथ रखने को कहा है।