पडरौना। जिले में होमगार्ड पद के लिए 25 से 27 अप्रैल तक दो पालियों में परीक्षा होगी। जिला प्रशासन की तरफ से परीक्षा का सकुशल संपन्न कराने के लिए तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। परीक्षा को निष्पक्ष व पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर हर पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
होमगार्ड भर्ती के लिए शहर के उदित नारयण इंटर कॉलेज, स्योबाई कमला देवी कन्या इंटर कॉलेज, किसान इंटर कॉलेज साखोपार और बुद्ध इंटर कॉलेज कुशीनगर समेत चार कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इन परीक्षा केंद्रों पर 1728 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए भारी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाओं को कक्ष निरीक्षक के रूप में तैनात किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर तैनात कक्ष निरीक्षकों में 50 फीसदी कक्ष निरीक्षक कॉलेज की तरफ से और 50 फीसदी कक्ष निरीक्षक जिला प्रशासन की तरफ से तैनात किए गए हैं। इसके अलावा परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक व्यवस्था, सेक्टर/स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पर्याप्त पुलिस बल तैनात किए गए हैं।
इस संबंध में एडीएम वित्त एवं राजस्व वैभव मिश्र ने बताया कि जिले के चार केंद्रों पर आयोजित होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा की तैयारियां अंतिम चरण में है। परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए हर जरूरी इंतजाम किए गए हैं।