पडरौना। हिंदू जागरण मंच की तरफ से बुधवार को पडरौना नगर के जलकल परिसर में सम्मेलन का आयोजन किया गया। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य और हिजामं के प्रदेश अध्यक्ष राजा त्रिपाठी भी शामिल थे। इसमें हिंदुत्व के संरक्षण पर जोर दिया गया।
इस कार्यक्रम में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने सभी अतिथियों को स्वागत किया। कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हिंदुत्व भारतीयता की पहचान है। इसे बचाए रखने के लिए जनमानस को आगे आना होगा।
हिंदू जागरण मंच के प्रदेश अध्यक्ष राजा त्रिपाठी ने हिंदू समुदाय को एक सूत्र में पिरोने की जरुरत बताई। इस मौके पर कुशीनगर इकाई का गठन भी किया गया, जिसमें कुशीनगर का जिलाध्यक्ष संतोष कुशवाहा, उपाध्यक्ष यशवंत सिंह, अरुण कुशवाहा, महामंत्री सुनील कुशवाहा, महामंत्री करुणेश शुक्ला और विधि प्रमुख अनिल ठाकुर को बनाया गया।
सम्मेलन का संचालन किशोर यादव ने किया। इस कार्यक्रम को फाजिलनगर के विधायक गंगा सिंह कुशवाहा, नगरपालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल, डॉ. पीआर मिश्रा सहित कई लोगों ने संबोधित किया। इस दौरान हिंदू जागरण मंच के काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे।