हाटा। हाईवे निर्माण ने हाटा में यातायात की चाल बिगाड़ी दी है। रोजाना जाम में फंस कर राहगीर घंटों परेशान होते हैं। हाईवे के वनवे होने और निर्माण कार्य के दौरान शुरू हुई जाम की समस्या अब अधूरी सर्विस लेन और अव्यवस्थित डायवर्जन के कारण और गंभीर हो गई है। हालात यह हैं कि कस्बे में प्रवेश करने से लेकर बागनाथ चौराहे के आगे निकलने तक राहगीरों को एक से दो घंटे तक जाम में फंसे रहना पड़ रहा है।
रविवार शाम सर्विस लेन पर भीषण जाम लगने से वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। माया चित्र मंदिर से पहले ही वाहन सर्विस लेन पर उतर रहे हैं। इसी रास्ते से कस्बे में आने और बाहर जाने वाले वाहनों का दबाव भी बना रहता है। इसके बावजूद डायवर्जन स्थल पर न तो यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती है और न ही वाहनों के संचालन के लिए कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई दे रही है।
पेट्रोल पंप, नहर रोड और मल मैरिज हाल के आसपास वाहनों का दबाव जाम की समस्या को और बढ़ा रहा है। लगन का सीजन शुरू होने वाला है। नहर रोड समेत आसपास के मैरिज हालों में वैवाहिक आयोजनों के दौरान वाहनों की आवाजाही बढ़ेगी। ऐसे में समय रहते यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो जाम की समस्या और गंभीर हो सकती है।
विडंबना यह है कि गोरखपुर से जिला मुख्यालय आने-जाने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी इसी जाम में फंसते हैं लेकिन समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में प्रभावी पहल नहीं दिख रही है। जाम का असर कस्बे के कारोबार पर भी पड़ रहा है। ग्राहक जाम के चलते बाजार आने से कतराने लगे हैं।
स्थानीय लोगों की मांग है कि डायवर्जन स्थल पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। सर्विस लेन को व्यवस्थित करने के साथ ही व्यस्त चौराहों पर वाहनों के संचालन की उचित व्यवस्था बनाई जाए। समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो ''''''''हाटा आइए तो जाम से मिलकर जाइए'''''''' लोगों की मजबूरी बनकर रह जाएगा।
कोट
निर्माण कार्य के चलते शहर के दो चौराहों पर वाहनों का आवागमन बाधित है। यहां डायर्वजन कर वाहनों का आवागमन संचालन कराया जा रहा है। इसकी वजह से सभी वाहनों की गति हाटा के आसपास धीमी हो गई। इसके चलते जाम की समस्या बन रही है। यातायात सुचारू रूप से संचालित करने के लिए नए विकल्प तलाशे जा रहे हैं।
- चिन्मय दूबे, साइट इंजिनियर, एनएचआई।