कप्तानगंज पिपराइच मार्ग पर पोल से टकराई कार।संवाद
अहिरौली बाजार। कप्तानगंज-पिपराइच मार्ग पर शनिवार रात करीब 12 बजे नीलगाय को बचाने के प्रयास में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि पोल टूटकर कार के ऊपर गिर गया। हादसे में कार सवार परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं, पोल टूटने से बरडीहा स्थित राजकीय महाविद्यालय की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
पडरौना कोतवाली क्षेत्र के दान्दोपुर गांव निवासी चंदन कुमार सिंह शनिवार को परिवार के साथ कार से गोरखपुर जा रहे थे। रात करीब 12 बजे वह अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के बरडीहा स्थित सतहत्था बाबा स्थान के पास पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक एक नीलगाय कार के सामने आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कार चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर के बाद पोल टूटकर कार पर गिर पड़ा।
हादसे में कार सवार किसी भी व्यक्ति को चोट नहीं आई। उधर, बिजली का पोल टूटने की सूचना पर बिजली निगम के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्षतिग्रस्त पोल की बिजली आपूर्ति काटकर दूसरी लाइन से आपूर्ति बहाल कर दी। इस संबंध में अहिरौली बाजार के थानाध्यक्ष विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। कार सवार लोगों के परिजनों को सूचना दी गई और सभी को सकुशल घर भेज दिया गया।