मंसाछापर। जटहां बाजार थाना क्षेत्र के मंसाछापर बाजार में शनिवार की देर रात एक तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से तीन लोग घायल हो गए। वहीं सड़क की फुटपाथ पर लगे तीन ठेला भी क्षतिग्रस्त हो गया। इससे ठेला पर रखा सारा सामान खराब हो गया। सूचना पर आई पुलिस घायलों को मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर भेजवाई और कार समेत कार सवार दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
नेहरू इंटर कॉलेज मंसाछापर के सामने बाजार में सड़क किनारे संतोष गौड़, आदित्य गुप्त और प्रताप चाट की दुकान लगाए हैं। शनिवार की रात करीब दस बजे पडरौना की तरफ से आ रही अनियंत्रित कर सड़क किनारे खड़े तीनों ठेले को मारती हुई आगे बढ़ गई। अनियंत्रत कर जब ठेला से ठकराई तो वहां चाट खा रहे प्रद्युम्न शर्मा, आदित्य और प्रताप उसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हांलाकि ठेला चला रहे संतोष गौड़, उनके बेटे अमितेश और एक अन्य व्यक्ति वहां से कूदकर अपनी जान बचाए। घटना के बाद से पहुंचे आसपास के लोगों ने कार और उसमें बैठे दो लोगों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। घटना स्थल पर आई पुलिस घायल आदित्य, प्रताप और प्रद्युम्न को सीएचसी विशुनपुरा ले गई, जहां प्रताप की हालत गंभीर देख डॉक्टर ने उन्हें मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया।