लक्ष्मीगंज न्यू पीएचसी में मरीजों को जांच करते चिकित्साप्रभारी डाॅ. संतोष कुमार नायक।संवाद
पडरौना। जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य केंद्रों पर पहुंचे मरीजों की सेहत की जांच की गई। मौसम में बदलाव से ताल-मेल न बिठा पाने से लोग बीमार हो रहे हैं। सर्दी-खांसी के साथ ही लोग टाइफाइड बुखार की चपेट में आ रहे हैं। डॉक्टरों ने बदलते मौसम में सावधानी बरतने की सलाह दी। जन आरोग्य मेले में पांच रोगियों में खून की कमी मिली।
लक्ष्मीगंज संवाद के अनुसार, कस्बा के न्यू पीएचसी में आयोजित आरोग्य मेले में विभिन्न रोगों के 55 मरीज पहुंचे। डाक्टरों ने सभी मरीजों के स्वास्थ्य की जांच कर इलाज किया। मेले में डाॅ. संतोष कुमार नायक ने बताया कि शुगर के रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है। इसकी वजह खेतों में अंधाधुंध रासायनिक खादों व कीटनाशकों प्रयोग है। कस्बे के महेंद्र सिंह, राजपुर से लियाकत अली समेत कई रोगी पहुंचे थे। उन्हें शुगर की बीमारी थी। संतोष यादव, शालिनी, रामप्यारे खून की कमी तो वहीं, हिमांशु, दिलशाद टाइफाइड बुखार से पीड़ित मिले। लैब टेक्नीशियन तृप्ति ने बताया कि मेले में शुगर के 10, त्वचा के सात, टाइफाइड के पांच, खून की कमी के पांच मरीज आए। दो मरीजों के पेशाब, चार की मलेरिया, सात की बुखार की जांच की गई। जबकि दो टीबी के मरीजों को दवाएं दी गईं।
उजारनाथ संवाद के अनुसार, क्षेत्र के नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र करमैनी में आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में डॉ. संजय कुमार ने खासी, बुखार व पेटदर्द सहित विभिन्न रोगों से पीड़ित रोगियों के स्वास्थ्य का जांच की स्वास्थ्य कर्मियों ने उन्हें दवाएं दीं। आरोग्य मेले में सर्दी,खांसी व वायरल बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक रही। मौसम में हो रहे बदलाव के चलते ऐसे मरीजों में वृद्धि दर्ज हुई है। सांस,हार्ट व बीपी के रोगियों को स्वास्थ्य पर ध्यान देने की सलाह दी गई। इस मौके पर जमील अहमद, वारसी, रामजी कुशवाहा,अशोक कुशवाहा आदि मौजूद रहे।