पडरौना। आज आपकी परीक्षा धूप और गर्मी से होनी है। अपने घर से निकलकर बूथ पर पहुंचें और देश के सबसे पड़े लोकतंत्र के लिए वोट जरूर डालें। मतदान स्थल से दो सौ मीटर दूर तक अपने वाहन से जा सकते हैं। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और बीमार लोगों को वोट डालने के लिए लाइन नहीं लगानी होगी। मतदान केंद्रों पर छाया और पानी की व्यवस्था है। यदि महिला वोटर का छोटा बच्चा होगा, तो वोटिंग तक बच्चे को संभालने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को लगाया गया है।
जिला प्रशासन ने अब तक के मतदान का रिकाॅर्ड तोड़ने के लिए पूरा इंतजाम किया है। इसे पूरा करने में अधिक से अधिक मतदान कर अपना सहयोग दें। सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। प्रत्याशी मतदान केंद्र के 200 मीटर परिधि के बाहर ही एक मेज और दो कुर्सी व बैनर लगा सकते हैं। इसके अलावा मतदान केंद्र पर मोबाइल पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। मतदान के दिन पार्टियों के एजेंट अपनी सूची बाहर लेकर नहीं जा सकते हैं। पोलिंग एजेंट सुबह 6 बजे से पहले पहुंच जाएंगे। पोलिंग पार्टी सिर्फ 15 मिनट तक ही इंतजार करेगी। पोलिंग एजेंट के समय से न पहुंचने पर पोलिंग पार्टी मॉक पोल शुरू कर देगी। मतदाता को मतदान के लिए मतदान पर्ची और पहचान पत्र लेकर जाना होगा विधानसभा क्षेत्रों में बनाए गए महिला, यूथ, दिव्यांग और मॉडल बूथ को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मौसम को देखते हुए बूथों पर पर्याप्त पानी, छाया के लिए टेंट और पंखे की व्यवस्था किया गया है। ताकि मतदानकर्मियों के अलावा मतदान के लिए आने वाले मतदाताओं को किसी तरह की कोई परेशानी न हो। मतदान का प्रतिशत बढ़ाने में सहयोग के लिए जिला प्रशासन के नेतृत्व में सोशल मीडिया की मदद और वोटरों को फोन कर अपील भी की है।
-
पहचान के 11 विकल्प
-पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, सर्विस आईडी, बैंक या पोस्ट आफिस से जारी फोटोग्राफ सहित पासबुक, पैनकार्ड, श्रम मंत्रालय से जारी स्मार्ट कार्ड, मनरेगा जॉबकार्ड, श्रम मंत्रालय से जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड, फोटोयुक्त पेंशन अभिलेख, एमपी, एमएलए, एमएलसी को जारी विभागीय कार्ड, आधार कार्ड।
-
बनें जागरूक मतदाता, यह भी जानें...
- मतदाता पर्ची नहीं तो 1950 पर करें कॉल। सी-विजिल एप पर भी कर सकते हैं शिकायत।
-केवल मतदाता पर्ची पर नहीं कर सकेंगे मतदान, चुनाव आयोग से जारी विकल्पों में से कोई एक आईडी भी जरूरी।
-दृष्टिबाधित मतदाताओं के लिए रहेगी सुविधा।
-दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए मतदान केंद्र पर रहेगी व्हीलचेयर की व्यवस्था।
-कोई भी शासकीय सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति सुरक्षा के साथ बूथ के अंदर प्रवेश नहीं करेगा।
-केवल जेड श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति सिर्फ एक सुरक्षाकर्मी को सादे लिबास में हथियार छिपाकर बूथ पर ले जा सकता है, लेकिन सुरक्षाकर्मी बूथ में प्रवेश नहीं करेगा।
-शराब और बियर की सभी दुकानें रहेंगी बंद, छह बजे के बाद खुलेंगी।
-सभी मतदाता अपने वाहनों से मतदान करने जा सकते हैं।
-मतदान केंद्र के सौ मीटर की परिधि में वाहन प्रवेश वर्जित है।
-उम्मीदवारों के उपयोग के लिए आवंटित वाहन कोई दूसरा व्यक्ति नहीं कर सकता है प्रयोग
-
इस तरह पड़ेगा आपका वोट
-बूथ पर जाते ही प्रथम चुनाव अधिकारी वोटर लिस्ट में आपका नाम और पहचान पत्र देखेंगे। दूसरे चुनाव अधिकारी आपकी उंगली पर स्याही लगाएंगे और आपको एक पर्ची देंगे, रजिस्टर में आपके हस्ताक्षर भी कराएं जाएंगे। तीसरे मतदान कर्मी आपकी पर्ची लेंगे और स्याही लगी उंगली देखेंगे, इसके बाद ईवीएम के पास भेज देंगे। आप ईवीएम पर अपनी पसंद के प्रत्याशी के सामने का बटन दबाएं। बटन दबते ही बीप की आवाज आएगी। ईवीएम में नोटा का विकल्प भी रहेगा। उसमें वीवीपैट भी लगा होगा। इससे आप देख सकेंगे कि आपका वोट आपके मनपसंद प्रत्याशी को ही गया है। कुछ सेकेंड के लिए आपके सामने एक पर्ची निकलेगी। इसमें आप दिए गए वोट का ब्योरा होगा। यह पर्ची कटकर नीचे लगे बाॅक्स में चली जाएगी।