शतरंज प्रतियोगिता में जीतकर एसजीएफआई में चयनित हुई हरिप्रिया पांडेय।स्रोत-सोशल मीडिया
पडरौना। प्रतिभा, एकाग्रता और लगातार अभ्यास के दम पर नवोदय विद्यालय कुशीनगर की छात्रा हरिप्रिया पांडेय ने प्रदेश स्तरीय अंडर-14 बालिका वर्ग शतरंज प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल किया है। उनका चयन एसजीएफआई (स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया) के लिए हुआ है। हरिप्रिया राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।
सोहंग गांव की हरिप्रिया ने प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के कठिन मुकाबलों में धैर्य और रणनीति का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वियों को पीछे छोड़ा। शतरंज की बिसात पर उनकी सूझबूझ और हर चाल को सोच-समझकर चलने की क्षमता निर्णायक साबित हुई। नियमित अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण ने उन्हें प्रदेश में शीर्ष स्थान तक पहुंचाया।
हरिप्रिया की सफलता पर नवोदय विद्यालय कुशीनगर के प्राचार्य बृजेश कुमार मिश्रा ने कहा कि उनकी उपलब्धि दूसरे विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। पढ़ाई के साथ खेलों में मेहनत कर विद्यार्थी नई ऊंचाइयां हासिल कर सकते हैं। उनकी इस उपलब्धि पर पिता प्रशांत पांडेय, मां अन्नपूर्णा पांडेय, कृष्ण कुमार मिश्रा, डॉ. विवेक पांडेय, गिरीश चंद्र पांडेय, संदेश कुमार पांडेय, आमोद चतुर्वेदी, उमाशंकर मिश्रा, पंचानन पांडेय आदि ने उन्हें बधाई दी है।